पहली जुलाई से फिर शुरू होगी ऑनलाइन पढ़ाई, शिक्षकों को स्कूल बुलाने पर 30 को होगा फैसला
CM Jairam Thakur review meeting of Education Department at Shimla
![]() |
| Add caption |
हिमाचल : स्कूलों में 30 जून को खत्म हो रहीं छुट्टियों के बाद एक जुलाई से फिर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया गया है। शिक्षकों को स्कूल बुलाने के लिए सरकार केंद्रीय गाइडलाइन का इंतजार कर 30 जून को कोई फैसला लेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को राज्य सचिवालय में करीब साढ़े तीन घंटे बैठक कर शिक्षा विभाग के कामकाज की समीक्षा की।
फैसला लिया गया कि व्हाट्सऐप ग्रुप, दूरदर्शन शिमला, रेडियो और टैक्सट मैसेज के अलावा अब केंद्र सरकार की स्वयंप्रभा योजना के तहत 12 टीवी चैनलों के माध्यम से भी पहली से बारहवीं कक्षा तक की पढ़ाई करवाई जाएगी। इनमें एनसीईआरटी का सिलेबस पढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बताया कि कोरोना संकट के बीच स्कूल और कॉलेज खोलने के लिए किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं होगी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइन आने के बाद सरकार प्रदेश की स्थिति का जायजा लेगी। तीस जून को दोबारा बैठक बुलाई गई है। इसमें शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के बजट भाषण की घोषणाओं और केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि सरकारी स्कूलों में साल भर की 52 छुट्टियों के कोटे से 45 पूरी हो चुकी हैं।


0 Comments